पश्चिम रेलवे मनायेगा 74वां स्थापना दिवस।

Views: 371
0 0

Read Time:6 Minute, 55 Second

_फोटो कैप्शन: पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार मिश्र चर्चगेट स्थित पश्चिम रेलवे मुख्यालय में पश्चिम रेलवे के 74वें स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर स्मारिका सिक्का जारी करते हुए।_पश्चिम रेलवे 5 नवंबर, 2024 को अपना 74वां स्थापना दिवस मनाएगी। अपनी विनम्र शुरुआत के बाद से रेलवे ने राष्ट्र की सेवा में अपने 70 वर्षों से अधिक की यात्रा में कई मील के पत्थर हासिल किए हैं। 74वें स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार मिश्र ने पश्चिम रेलवे के मुख्यालय भवन की प्रिंट वाला एक स्मारिका सिक्का जारी किया, जो इस भवन के 125 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है। श्री मिश्र ने अपने छह मंडलों के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके काम के प्रति समर्पण और इन सभी वर्षों में पश्चिम रेलवे द्वारा हासिल की गई ढेरों उपलब्धियों के लिए बधाई दी। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बॉम्बे, बरोडा एंड सेंट्रल इंडिया (BB&CI) रेलवे को 1855 में शामिल किया गया था, जिसकी शुरुआत पश्चिमी तट पर गुजरात राज्य के अंकलेश्वर से उत्राण तक 29 मील की ब्रॉड गेज ट्रैक के निर्माण के साथ हुई थी और तब इसका मुख्यालय सूरत था। बाद में उसी वर्ष 21 नवंबर, 1855 को कंपनी ने सूरत से बड़ौदा और अहमदाबाद तक रेलवे लाइन बनाने के लिए ईस्ट इंडिया कंपनी के साथ एक समझौता किया। गुजरात में उगाए जाने वाले कपास की पश्चिमी बंदरगाह तक भरपूर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उतरन (सूरत के उत्तर में) से बॉम्बे तक एक लाइन शुरू करने के लिए एक और अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अगले वर्ष लाइन पर काम शुरू हुआ और बॉम्बे में उतरन से ग्रांट रोड स्टेशन तक की लाइन आधिकारिक तौर पर 28 नवंबर, 1864 को खोल दी गई। यहीं से वर्तमान में मौजूद पश्चिम रेलवे की शुरुआत की नींव रखी गई। अपने वर्तमान स्वरूप में पश्चिम रेलवे 5 नवंबर, 1951 को अपने पूर्ववर्ती, तत्कालीन बॉम्बे, बरोडा एंड सेंट्रल इंडिया (BB&CI) रेलवे के अन्य राज्य रेलवे जैसे सौराष्ट्र, राजपुताना और जयपुर के साथ विलय से अस्तित्व में आई। पश्चिम रेलवे का वर्तमान अधिकार क्षेत्र 6 मंडलों अर्थात मुंबई सेंट्रल, वडोदरा, अहमदाबाद, राजकोट, भावनगर और रतलाम मंडल में है। 3 मार्च, 1961 को पश्चिम रेलवे द्वारा शहरी इलाकों में यात्रियों की बढ़ती मांग के कारण 9 कोच वाली उपनगरीय ट्रेनें शुरू की गई। 1972 में, पश्चिम रेलवे ने अप नी प्रतिष्ठित मुंबई-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की, जो भारतीय रेल नेटवर्क पर सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्ततम लाइनों में से एक है। दुनिया की पहली महिला स्पेशल ट्रेन, पहली 15-डिब्‍बों वाली उपनगरीय ट्रेन और भारत में पूरी तरह से वातानुकूलित पहली उपनगरीय ट्रेन की शुरुआत से लेकर एक के बाद एक मील के पत्थर स्‍थापित करने की अपनी यात्रा जारी रखते हुए, इसने परिचालन, सुरक्षा और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी को अपनाने जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कई प्रथम स्थान अर्जित किए हैं। पश्चिम रेलवे विभिन्न गंतव्यों के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भी चला रहा है और हाल ही में भुज और अहमदाबाद के बीच नमो भारत रैपिड रेल की शुरुआत की गई है। _फोटो कैप्शन: स्मारिका सिक्के के आगे और पीछे की छाप।_जनवरी 2024 के महीने में चर्चगेट स्थित प्रतिष्ठित पश्चिम रेलवे मुख्यालय भवन की अर्धशताब्दी वर्षगांठ मनाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोहों को जारी रखते हुए, यह स्मारिका सिक्का इस ऐतिहासिक घटना को यादगार बनाने और पश्चिम रेलवे और भारतीय रेल के इतिहास में दर्ज करने का एक और प्रयास है। सोने की परत के साथ कूप्रो निकेल से बना यह स्मारिका सिक्का इस महत्वपूर्ण घटना को दर्शाता है और सिक्के के दूसरी तरफ चर्चगेट, मुंबई में स्थित शानदार पश्चिम रेलवे मुख्यालय भवन अपनी पूरी स्वर्णिम शान में है। इस शानदार इमारत के 125 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सिक्के की परिधि पर 125 दाँते बने हुए हैं।पश्चिम रेलवे ने 1850 के दशक में ब्रिटिश काल में अपने जन्म के बाद से अपनी लंबी यात्रा के माध्यम से बार-बार अपनी योग्यता साबित की है। 70 से अधिक वर्षों की अपनी ऐतिहासिक यात्रा के माध्यम से, वर्तमान में, पश्चिम रेलवे के पास महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में ब्रॉड, मीटर और नैरो गेज सेक्शन सहित 6284 से अधिक रूट किलोमीटर को कवर करने वाला एक विस्तृत रेलवे नेटवर्क है।

Happy
Happy
100 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

You may also like