लायंस क्लब ऑफ वापी नाइस की अनोखी पहल 1300 से अधिक विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण पर किया जागरूक। ऊर्जा बचत, कार्बन उत्सन कम करने समेत विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन।
वापी
स्वास्थ्य समेत विभिन्न सेवा कार्यों में अग्रणी लायंस क्लब ऑफ वापी नाइस द्वारा पिछले दिनों स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण संरक्षण और बढ़ते प्रदूषण से प्रकृति एवं मानव जीवन पर होने वाले दुष्प्रभाव की जानकारी के लिए अनोखी पहल की गई। क्लब के तत्वावधान में विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा तीन दिनों तक अलग – अलग शैक्षणिक संस्थानों में इस विषय पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया गया। इसके अंतर्गत एक जुलाई को आरके देसाई और रोफेल कॉलेज के छात्रों के लिए सत्र का आयोजन किया गया था। जहां वक्ता के तौर पर भारतीय वन सेवा से पीसीसीएफ पद से रिटायर डॉ. डीपीएस वर्मा और भारतीय वन सेवा से एडिशनल पीसीसीएफ पद से रिटायर डॉ अशोक वार्ष्णेय ने अन्य वक्ता डॉ अजय देसाई ने आरके देसाई कॉलेज में क्रमश: क्लाइमेट चेंज और जल प्रदूषण को लेकर उत्पन्न गंभीर स्थिति पर प्रकाश डाला। इस दौरान उनकी सुरक्षा समेत इससे जुड़े अन्य उपायों पर मार्गदर्शन दिया। इसी तरह रोफेल कॉलेज में वृक्षों के महत्व, पौधारोपण एवं कार्बन क्रेडिट प्रोजेक्ट पर विस्तार से प्रकाश डाला। पर्यावरण और उसके स्थायित्व विषय पर डॉ अजय देसाई ने विस्तार से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
जबकि दो जुलाई को भी पोद्दार स्कूल और एसएसआर कॉलेज सिलवासा के विद्यार्थियों को उपयुक्त विषय पर जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को पर्यावरण के संरक्षण के प्रति जागरूक होने और इस प्रकृति की सुरक्षा के लिए उनके नागरिक कर्तव्यों का आभास भी कराया गया। वहीं तीन जुलाई को केबीएस कॉलेज वापी और बीकेएम साइंस कॉलेज वलसाड में डॉ डीपीएस वर्मा और डॉ अशोक वार्ष्णेय ने उपरोक्त विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वर्तमान परिदृश्य में पर्यावरण सुरक्षा को लेकर ज्यादा गंभीर होने की जरूरत पर बल दिया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूरी तरह समर्पित डॉ डीपीएस वर्मा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम के किसी भी और कहीं भी आयोजन में उन्हें बुलाए जाने पर वह हमेशा उपलब्ध रहेंगे। इस तरह के अनूठे आयोजन के लिए उन्होंने लायंस क्लब ऑफ वापी नाइस की भी सराहना की। शैक्षणिक संस्थानों से मिले सहयोग और उत्साह की भी उन्होंने प्रशंसा की।
– पुरस्कार देकर विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित –
ज्ञातव्य है कि सत्र के दौरान वक्ताओं द्वारा विद्यार्थियों के साथ संवाद भी किया गया। जिसके तहत विद्यार्थियों की उत्सुकता समाधान कर उनका ज्ञानवर्धन किया गया। बाद में विषय के अंतर्गत ही विद्यार्थियों से प्रश्न भी पूछे गए थे। जिसमें शीर्ष तीन क्रम में रहने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। लायंस क्लब ऑफ वापी नाइस की तरफ से भी ऊर्जा बचत, भोजन की बर्बादी, पानी की बचत सहित पर्यावरण सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया।
Average Rating