वलसाड जिले में पहला PET-CT स्कैन सेंटर वापी में शुरू – मात्र ₹8,000 में आधुनिक कैंसर जांच सुविधा उपलब्ध।

वलसाड जिले में पहला PET-CT स्कैन सेंटर वापी में शुरू – मात्र ₹8,000 में आधुनिक कैंसर जांच सुविधा उपलब्ध।वलसाड/वापी, गुजरात: दक्षिण गुजरात के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए अवेधा ट्रस्ट कैंसर सेंटर, वापी द्वारा वलसाड जिले का पहला PET-CT स्कैन सेंटर शुरू किया गया है। इस अत्याधुनिक सुविधा का उद्घाटन रविवार, 22 मार्च 2026 को किया गया। यह सेंटर नानकाई फाउंडेशन के मार्गदर्शन में स्थापित किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को सस्ती और उच्च स्तरीय कैंसर जांच सुविधा उपलब्ध कराना है।अब तक वलसाड और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को PET-CT स्कैन के लिए मुंबई या सूरत जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय, खर्च और मानसिक तनाव बढ़ता था। लेकिन अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो गई है, जहां मात्र ₹8,000 में PET-CT स्कैन कराया जा सकेगा।विशेषज्ञों के अनुसार, PET-CT स्कैन कैंसर के प्रारंभिक निदान, स्टेजिंग, उपचार की योजना बनाने, उपचार के परिणामों का मूल्यांकन तथा कैंसर के दोबारा होने (रिकरेंस) की पहचान में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समय पर और सटीक जांच से मरीजों की जीवित रहने की संभावना (सर्वाइवल रेट) में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।इस अवसर पर अवेधा ट्रस्ट सेंटर के कैंसर विशेषज्ञ एवं सर्जन डॉ. अक्षय जे. नाइकड़िया ने बताया कि उनका लक्ष्य मेट्रो शहरों जैसी उन्नत कैंसर उपचार सुविधाएं जिले में ही उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी मरीज को दूरी या खर्च के कारण इलाज में देरी न हो। उन्होंने कहा कि “वापी में ₹8,000 में PET-CT स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराना हमारे लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और यह क्षेत्र के लिए बड़ी राहत साबित होगी।कैंसर सर्वाइवर्स के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम, 200 से अधिक मरीजों ने साझा किए अपने अनुभववापी में 22 मार्च 2026 को कैंसर सर्वाइवर्स के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सर्वाइवर्स और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम में 200 से अधिक कैंसर सर्वाइवर्स ने भाग लिया, जिन्होंने अपने संघर्ष और जीत की कहानियां साझा कीं। यह आयोजन भावनात्मक और प्रेरणादायक रहा, जिसमें “विक्ट्री बेल” बजाकर जीवन की नई शुरुआत का संदेश दिया गया।इस नई सुविधा का लाभ वापी, वलसाड, पारडी, उमरगाम, नवसारी, सिलवासा और दमन क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। यह सेंटर कैंसर के इलाज के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा, जहां सर्जिकल, मेडिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी जैसी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।उल्लेखनीय है कि “21st Century Cancer Care” द्वारा संचालित यह केंद्र मरीजों को सहानुभूति, देखभाल और किफायती दरों पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।नाडकुडी मेडिकल फाउंडेशन द्वारा संचालित यह चैरिटेबल ट्रस्ट स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और समाज को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्यरत है।यह पहल दक्षिण गुजरात के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ लड़ाई में नई आशा की किरण बनकर उभरी है।
Average Rating