वापी-दमण औद्योगिक प्रदूषण पर सख्ती की मांग, सांसद उमेश पटेल ने CPCB चेयरमैन से की मुलाकात।

नई दिल्ली, 23 फरवरी 2026।वापी एवं उससे जुड़ी औद्योगिक इकाइयों से दमण क्षेत्र में फैल रहे प्रदूषण के मुद्दे को लेकर दमण एवं दीव तथा दादरा एवं नगर हवेली के लोकसभा सांसद उमेशभाई बाबुभाई पटेल ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के चेयरमैन वीर विक्रम यादव से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।सांसद पटेल ने नई दिल्ली में आयोजित बैठक के दौरान वापी-दमण औद्योगिक कॉरिडोर में लंबे समय से जारी गंभीर प्रदूषण की स्थिति पर विस्तृत तकनीकी एवं तथ्यात्मक प्रतिवेदन सौंपा। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र वर्षों से देश के अत्यधिक प्रदूषित औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल रहा है, बावजूद इसके निरीक्षण रिपोर्टों में निरंतर उल्लंघन दर्ज होने के बाद भी प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई का अभाव चिंताजनक है।उन्होंने बताया कि 14 से अधिक संयुक्त निरीक्षण रिपोर्टों में कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (CETP) की विफलता दर्ज की गई है, फिर भी अब तक निर्णायक कार्रवाई नहीं हुई है। इससे पर्यावरण, जनस्वास्थ्य और औद्योगिक श्रमिकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।सांसद ने अपने आवेदन में रियल-टाइम प्रदूषण निगरानी प्रणाली की कमी, PM2.5 एवं VOC जैसे खतरनाक प्रदूषकों की अपर्याप्त निगरानी, मिट्टी और भूजल प्रदूषण के राष्ट्रीय मानकों के अभाव तथा श्रमिक स्वास्थ्य निगरानी तंत्र की अनुपस्थिति जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।उन्होंने CPCB से मांग की कि वापी-दमण क्षेत्र में तत्काल और कठोर प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, व्यापक पर्यावरण प्रदूषण सूचकांक (CEPI) का पुनर्मूल्यांकन किया जाए, आधुनिक निगरानी अवसंरचना स्थापित की जाए तथा जनस्वास्थ्य प्रभाव अध्ययन को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने पर जोर दिया।सांसद पटेल ने स्पष्ट किया कि यह पहल किसी उद्योग विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि संविधान प्रदत्त दायित्वों के तहत पर्यावरण संरक्षण और आम नागरिकों के स्वास्थ्य एवं जीवन के अधिकार की रक्षा के उद्देश्य से की गई है।उल्लेखनीय है कि सांसद पटेल ने हाल ही में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के राज्य मंत्री से भी मुलाकात कर दमण एवं आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते औद्योगिक प्रदूषण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।
Average Rating